खेल खेल में गई मासूम की जान, ट्रेक्टर में लगी चाबी घुमाई

कोरबा। सोमवार दोपहर खेल-खेल में ट्रैक्टर पर चढ़े दो सगे भाइयों में से ढाई साल के मासूम की जान चली गई। जबकि बड़ा भाई बाल-बाल बच गया। ट्रैक्टर में चाबी लगी होने और बच्चों के उस पर खेलने के दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
घटना सिविल लाइन थाने के पथरीपारा, नीलगिरी बस्ती, वार्ड क्रमांक-20 की है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर से ईंटें लाई गई थीं। ट्रैक्टर चालक और हेल्पर ईंट उतारने में व्यस्त थे। इसी दौरान उन्होंने ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा कर दिया और चाबी उसी में लगी छोड़ दी।वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह ने बताया कि मृतक ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ और उसका पांच वर्षीय बड़ा भाई मोहम्मद अंजार के बेटे हैं। दोनों भाई खेलते-खेलते ट्रैक्टर के पास पहुंचे और उस पर चढ़ गए। बड़े भाई ने ड्राइवर सीट पर बैठकर स्टीयरिंग पकड़ लिया और चाबी घुमा दी, जिससे ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया।इसी दौरान छोटा अब्दुल लतीफ पहिये के पास नीचे खड़ा था। अचानक ट्रैक्टर आगे बढ़ा और वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़ा भाई सीट पर बैठा होने के कारण सुरक्षित बच गया। इसके बाद आसपास मौजूद मजदूरों और लोगों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में मासूम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी वंदना शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मृतक की पहचान ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।






