ChhattisgarhRegion

कल देवशयनी एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में फिर लगेगा दर्शनार्थियों का मेला

Share

00 अनियंत्रित भीड़ और अव्यवस्था से त्रस्त समता कॉलोनी वासियों ने पुलिस कमिश्नर और नगर निगम कमिश्नर से लगाई गुहार
रायपुर। कल 10 जुलाई को देवशयनी एकादशी है। हिन्दू मान्यताओं के अनुसार देवशयनी एकादशी से सारे देवी-देवता लगभग चार महीनों की अवधि के लिए विश्राम अवस्था में चले जाते हैं। इस चार महीनों की अवधि में हिन्दू परिवारों में मांगलिक एवं शुभ कार्य संपन्न नहीं होते हैं। दीपावली के बाद देव उठनी एकादशी पर देव पुन: जागृत होते हैं और शुभ मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं। देवशयनी और देव उठनी एकादशी के साथ ही प्रत्येक एकादशी का धार्मिक परंपराओं में काफी महत्व है लेकिन यही एकादशी समता कालोनी वासियों के लिए मुसीबतों का अंबार लेकर आती है। समता कॉलोनी स्थित खाटू श्याम मंदिर में हर एकादशी पर दर्शनार्थियों का मेला लगता है। एकादशी पर मंदिर आने वाले दर्शनार्थियों की अनियंत्रित भीड़ और लचर पार्किंग व्यवस्था के कारण कॉलोनी वासियों के लिए अपने घरों से निकलना भी दूभर हो जाता है। पार्किंग के आसपास की मुख्य सड़क ही नहीं, बल्कि कॉलोनी की आंतरिक सड़कों तक वाहनों की लंबी कतारें पहुंच जाती है।
पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण अनेक श्रद्धालु स्थानीय निवासियों के घरों के सामने अपने वाहन खड़े कर घंटों के लिए चले जाते हैं, जिससे लोगों का आवागमन बाधित होता है। भारी भीड़ के बीच कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और बच्चे स्वयं को असुरक्षित महसूस करते हैं। असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की आशंका से लोग घरों से बाहर निकलने में संकोच करते हैं। यदि किसी परिवार में अचानक कोई चिकित्सकीय आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए तो घर से वाहन निकालना या समय पर अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। एक बात और जो सबसे महत्वपूर्ण है कि जिस तरह से हर एकादशी और रविवार को अनियंत्रित भीड़ श्याम मंदिर में आ रही है उसे देखते हुए किसी भी दिन भगदड़ मचने जैसा हादसा होने की प्रबल आशंका है क्योंकि मंदिर प्रबंधन के पास न तो इस भीड़ को नियंत्रित करने का तंत्र है न ही संकरी गलियों से लोगों के निकासी की कोई व्यवस्था। दुखद पहलू यह है कि कॉलोनीवासियों द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद मंदिर प्रबंधन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। वहीं शहर के मध्य स्थित इस अत्यंत व्यस्त क्षेत्र में भीड़ एवं यातायात नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस या ट्रैफिक व्यवस्था भी प्राय: दिखाई नहीं देती।
खाटू श्याम मंदिर प्रबंधन की कुवस्था से त्रस्त कॉलानी के नागरिकों ने विगत दिनों पुलिस कमिश्नर रायपुर श्री संजीव शुक्ला तथा आयुक्त नगर निगम रायपुर श्री संबित मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें सभी समस्याओं से अवगत कराया और अपनी व्यथा सुनाई। पुलिस कमिश्नर एवं नगर निगम आयुक्त द्वारा इस संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन मोहल्ले वासियों को दिया गया है। आज पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन के अधिकारियों ने समता कॉलोनी स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर का दौरा कर एकादशी के आसपास वहां की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मंदिर प्रबंधन को एकादशी पर चाक चैबंद पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाएं करने के निद्र्रेश दिए। उन्होंने मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारियों से कहा कि मंदिर के कारण आस-पास के रहवासियों को परेशानी न हो यह सुनिश्चित करें।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button