भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर का महादेव सट्टेबाजी और भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला

रायपुर। महादेव सट्टा ऐप मामले और छत्तीसगढ़ में हो रहे कथित अतिक्रमण को लेकर कांग्रेस पार्टी पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
ठाकुर ने कहा कि महादेव सट्टेबाजी मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की ओमान में गिरफ्तारी हो चुकी है। दूसरी ओर, कांग्रेस के ही कोषाध्यक्ष, जो भ्रष्टाचार के मामलों में फरार चल रहे थे, को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह स्पष्ट है कि महादेव सट्टा कांग्रेस के संरक्षण में ही फला-फूला है। सट्टे का संचालक सौरभ चंद्राकर दुर्ग जिले से संबंध रखता है और कांग्रेस सरकार के समय लगभग आधे मंत्री इसी जिले से थे और संरक्षण व रायल्टी को लेकर तत्कालीन मुख्यमंत्री व गृह मंत्री के बीच सियासी टकराव से पूरा प्रदेश वाकिफ है। इन आरोपियों को छत्तीसगढ़ लाए जाने के बाद आने वाले समय में इस मामले में और भी कई बड़े नामों का खुलासा होगा। श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सटोरियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देती आई है। इसमें कांग्रेस के कोषाध्यक्ष का लिंक भी कहीं-न-कहीं जुड़ा हुआ था। कांग्रेस के लोग ही यह कहते रहे हैं कि किस प्रकार रामगोपाल अग्रवाल एकाधिकार सिण्डिकेट बनाकर पूर्व मुख्यमंत्री के सिण्डिकेट का कोषाध्यक्ष बनकर रह गए थे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने प्रदेश में बढ़ रहे अतिक्रमण का मुद्दा भी इस दौरान प्रमुखता से उठाया और कहा कि क्या छत्तीसगढ़ में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण सही माना जाना चाहिए? एक आम आदमी या कर्मचारी अपनी पूरी जिंदगी में सिर्फ 1200 से 1500 वर्ग फीट में घर बनाने की सोच पाता है, जबकि कुछ लोग 12 हजार-15 हजार वर्गफीट जमीन पर अवैध कब्जा कर लेते हैं। ऐसी स्थिति में अगर हम सुसज्जित, विकसित और सुघ्घर छत्तीसगढ़ चाहते हैं तो क्या इस प्रकार का अतिक्रमण करना सही है? राजनीतिक दलों, नागरिकों को, छत्तीसगढ़ के हर व्यक्ति को इस बात का चिंतन करना चाहिए क्योंकि कांग्रेस हमेशा अतिक्रमणकारियों को संरक्षण देती है ।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मंत्री रहे अमरजीत भगत, शिव डहरिया आदि पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगा हुआ है। यहाँ तक कि पूर्व मुख्यमंत्री पर भी कई आरोप लग चुके हैं। इस बात का चिंतन गाँवों में ज्यादा होता है। गाँव में अनेक बार देखा गया है कि ट्रैक्टरों में भरकर ग्रामीण अतिक्रमण का विरोध करने पहुँचते हैं। जो ईमानदार मेहनतकश लोग होते हैं, वे अतिक्रमण के खिलाफ रहते हैं। श्री ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज हमें उस विकास को सहेजने और सँवारने की जरूरत है, ताकि गाँवों और शहरों की बसावट बेहतर ढंग से हो सके। कांग्रेस नेताओं पर सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमेशा से ही अतिक्रमणकारियों को शह देते रहे हैं। श्री ठाकुर ने छत्तीसगढ़ के सभी नागरिकों और राजनीतिक दलों से इस विषय पर आत्मचिंतन करने की अपील की।







