DMF कार्यों में गड़बड़ी का आरोप, बोरगांव में ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

जिले के आदिवासी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बोरगांव में जिला खनिज निधि (DMF) के तहत कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। वर्ष 2025 में बोरगांव हाई स्कूल में साइकिल स्टैंड शेड और कांक्रीटीकरण कार्य के लिए 13 लाख 86 हजार रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिसकी निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत को बनाया गया था, लेकिन आरोप है कि डौंडी के ठेकेदार विशाल जैन ने कार्य पर कब्जा कर लिया और आधा-अधूरा निर्माण कर उसे कागजों में पूर्ण दिखा दिया। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में पुरानी दीवार पर महज कुछ ईंटें जोड़कर शेड खड़ा किया गया और गुणवत्ताहीन कॉलम बनाकर कार्य को पूरा दर्शा दिया गया, जबकि मौके पर अभी भी करीब 50 प्रतिशत काम अधूरा है। सरपंच देवकी बाई कोठपरिया ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने पंचायत की सहमति के बिना कार्य शुरू किया और भुगतान भी सीधे ले लिया, जिससे भविष्य में जांच की स्थिति में पंचायत पर जिम्मेदारी आ सकती है। मामले को लेकर पूरे आदिवासी विकासखंड में DMF कार्यों में ठेकेदारों के प्रभाव और प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं, जबकि जनपद सीईओ ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।







