सक्ती हत्याकांड का बड़ा खुलासा प्रेमी ने पत्नी संग मिलकर प्रेमिका की मौत की लिखी कहानी

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जोंगरा गांव में हुई महिला पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों के विवाद के चलते प्रेमी मुरलीशंकर ने अपनी पत्नी चम्पा चौहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और 4 लाख रुपये में सुपारी किलर बुलाकर वारदात को अंजाम दिलाया। 26 जून को पूर्णिमा की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि हत्या के पीछे रिश्तों का विवाद और सुनियोजित साजिश थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात के लिए झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े अपराधियों को शामिल किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पिस्तौल, कारतूस, मोबाइल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक सहित कई अहम सबूत बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाल रही है।





