Chhattisgarh
अंबिकापुर में कथित ऑडियो से मचा सियासी बवाल, मैदान आवंटन को लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों पर गरमाई राजनीति

अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान के आवंटन को लेकर कथित ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। वायरल ऑडियो में बाजार संचालक द्वारा मैदान आवंटन के नाम पर रकम लेन-देन और अतिरिक्त धनराशि की मांग का आरोप लगाए जाने की चर्चा है। ऑडियो सामने आने के बाद अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने आरोपों को पूरी तरह निराधार और साजिश करार देते हुए आजाक थाने में शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। महापौर का कहना है कि उनकी और उनके परिवार की छवि खराब करने के उद्देश्य से यह पूरा मामला गढ़ा गया है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं। वहीं कथित ऑडियो के वायरल होने के बाद शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और मामले की सत्यता को लेकर जांच की मांग उठने लगी है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच की दिशा तय कर रही है।






