21 जून को राहुल गांधी आएंगे छत्तीसगढ़, दौरे से पहले तेज हुई राजनीतिक बयानबाजी

कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए 21 जून को राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आएंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के प्रवास पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली से जोकर आ रहा है और छत्तीसगढ़ में दस दिनों तक सर्कस चलेगा। उनके इस बयान पर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं और इस तरह के बयान देकर अपना कद बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि राम को काल्पनिक बताने वाले राहुल गांधी अब राम के मामा गांव आ रहे हैं, उनका स्वागत है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए तंज कसा कि क्या राहुल गांधी पदाधिकारियों को आलू से सोना निकालने की कला सिखाएंगे। वहीं विकास उपाध्याय ने भाजपा विधायक के बयान को लेकर कहा कि इस तरह की भाषा उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरंदर मिश्रा राजनीतिक पहचान बनाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर अभनपुर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर के जिला अध्यक्ष और संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे। शिविर में छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। 21 जून को राहुल गांधी रायपुर पहुंचेंगे और करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।







