बस्तर में जमीन विवाद के दौरान हंगामा, राजस्व टीम और जमीन मालिक से मारपीट

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करपावंड गांव में जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान विवाद बढ़ने पर जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने जमीन मालिक, जमीन बेचने वाले व्यक्ति और राजस्व निरीक्षक (आरआई) के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, शेराराम चौधरी ने मदन निषाद से करीब 10 एकड़ 10 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इस जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला अदालत तक पहुंचा था, जहां फैसला शेराराम के पक्ष में आया। अदालत के आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने गांव पहुंची थी। प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई अदालत के आदेश और सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही थी, लेकिन कुछ लोगों ने ग्रामीणों को भड़काया, जिससे माहौल बिगड़ गया और मारपीट की घटना हुई। वहीं ग्रामीणों और सरपंच का आरोप है कि नापजोख के लिए इस्तेमाल किया गया सरकारी नक्शा सही नहीं है और जमीन की वास्तविक स्थिति उससे अलग है। उनका कहना है कि पहले रिकॉर्ड और नक्शे की त्रुटियों को सुधारा जाना चाहिए था। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।







