ग्वालियर में महिला पटवारी 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला पटवारी रेखा शाक्य को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मुरार क्षेत्र के सिरसौद गांव निवासी मंशाराम ने 16 जून को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन की जमीन के सीमांकन और पत्नी सावित्रीबाई के नाम जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया के लिए पटवारी 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही है। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पटवारी पहले ही 3,500 रुपये रिश्वत के रूप में ले चुकी थी। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा के निर्देशन में टीम ने मुरार स्थित एक मकान में जाल बिछाया। शिकायतकर्ता द्वारा 5 हजार रुपये देने के दौरान पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने पटवारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में करीब 10 सदस्यीय लोकायुक्त टीम और स्वतंत्र शासकीय गवाह शामिल रहे।







