Uncategorized

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया इलेक्ट्रिक लोको शेड, बिलासपुर का निरीक्षण

Share

बिलासपुर। तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इलेक्ट्रिक लोको शेड, बिलासपुर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर आर.के. चौधरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी आदित्य कुमार, मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने लोकोमोटिव अनुरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों का अवलोकन करते हुए व्हील पैरामीटर मापन प्रणाली, ट्रैक्शन मोटरों के अनुरक्षण तथा न्यूमैटिक, विद्युत एवं अन्य यांत्रिक उपकरणों के रखरखाव की समीक्षा की। उन्होंने संरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने इलेक्ट्रिक लोको शेड, बिलासपुर द्वारा विकसित ई-70 ब्रेक टेस्ट बेंच, 500 सीएफएम क्षमता के नवीन औद्योगिक एयर कम्प्रेसर तथा रबर, वार्निश एवं बेयरिंग के लिए वातानुकूलित एवं ज्वलनशील पदार्थों हेतु निर्मित विशेष डार्क भंडारण कक्ष का उद्घाटन किया। निरीक्षण के दौरान तकनीकी प्रगति के अनुरूप कर्मचारियों के कौशल विकास, उपलब्ध मानव संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा अन्य लोको शेडों की श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों को अपनाकर लाइन में लोकोमोटिव विफलताओं में कमी लाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने अनुरक्षण कार्यों में आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों को अधिकाधिक अपनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर इलेक्ट्रिक लोको शेड, बिलासपुर के अधिकारियों एवं संबन्धित कर्मचारियों ने महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों को शेड में संचालित विभिन्न अनुरक्षण गतिविधियों, नवाचारों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने इलेक्ट्रिक लोको शेड, बिलासपुर द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं उत्कृष्ट अनुरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संरक्षा, गुणवत्ता और विश्वसनीयता भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकताएँ हैं तथा इन्हें सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी उन्नयन, नवाचार और सतत प्रयास आवश्यक हैं।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button