जया ऑटोमोबाइल की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, जेसीबी से तोड़ा गया दुकान का हिस्सा

रायपुर। राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल की बिल्डिंग में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह 10 बजे से लगी आग पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है। आग बिल्डिंग की दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच चुकी है। आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाए जाने के बाद जेसीबी बुलायी गई है। दुकान के सामने के हिस्से को तोड़ा जा रहा है जिससे फायर कर्मी अंदर जाने की कोशिश करेंगे। घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह दुकान खुलने के कुछ ही समय बाद अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। देखते ही देखते आग फैलते चली गई। बताया जा रहा एमसीबी उठाने के बाद शॉर्ट सर्किट हुआ था। शोरूम के अंदर बड़ी मात्रा में गाडिय़ों के स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक का सामान और लुब्रिकेंट्स (ज्वलनशील तेल) रखे हुए थे, जिससे आग फैली है। आग पर काबू पाने अब तक फायर ब्रिगेड की 6 गाडिय़ों की मदद ली गई है। जेसीबी से दीवार तोड़कर टीम अंदर घुसी है। फिलहाल आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है।






