डेढ़ साल की बच्ची को किनारे में छोड़कर गंगरेल बांध में महिला ने लगाई छलांग

धमतरी। पति की प्रताडऩा से तंग आकर गंगरेल बांध में महिला ने अपनी डेढ़ साल की बेटी को छोड़कर छलांग लगा दी, हालांकि राहत की बात ये रही कि आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह से महिला को बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला की पहचान सतवंतीन निर्मलकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पूरी गांव की रहने वाली है। महिला पिछले कुछ महीनों से नगरी के छिपलीपारा स्थित अपने मायके में रह रही थी। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे लगातार प्रताडि़त करता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी प्रताडऩा से तंग आकर महिला अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची को लेकर गंगरेल पहुंची और आत्महत्या का प्रयास किया। बच्ची को किनारे छोड़कर महिला पानी में उतर गई, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते उसे देख लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। मामले की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है और आगे की जांच की जा रही है।







