शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव : मंत्री राजवाड़े ने किया जनसंपर्क, भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन

शिवनंदनपुर। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के तहत आज महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने नगर पंचायत क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी एवं समस्त पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन मांगा।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने नगर के विभिन्न वार्डों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में पहुँचकर आमजन से मुलाकात की तथा भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान स्थानीय नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए भाजपा के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और जनसेवा की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल, मूलभूत सुविधाओं एवं समग्र विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह और समर्थन स्पष्ट संकेत दे रहा है कि शिवनंदनपुर में भाजपा को व्यापक जनआशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। आने वाले समय में भाजपा की जीत क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शिवनंदनपुर के उज्ज्वल भविष्य एवं विकास की निरंतरता के लिए भाजपा प्रत्याशियों को अपना अमूल्य समर्थन एवं आशीर्वाद प्रदान करें। जनसंपर्क अभियान में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







