Chhattisgarh

राजनांदगांव में सरकारी जमीन पर बड़ा खेल बच्चों के पार्क की जगह खड़ी हो गई कॉलोनी और कॉम्प्लेक्स

Share

शहर में नजूल और मेंटेनेंस खसरा की जमीन पर कथित अवैध प्लाटिंग का मामला अब बड़े खुलासे के रूप में सामने आया है। सरकारी दस्तावेजों, जांच प्रतिवेदन और पुराने रिकॉर्ड के अनुसार राजनांदगांव-कवर्धा मेन रोड पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने स्थित प्लॉट नंबर 114 और 115, जहां कभी बच्चों का पार्क हुआ करता था, उसे धीरे-धीरे टुकड़ों में बांटकर बेच दिया गया और वहां पूरी कॉलोनी तथा बड़े कॉम्प्लेक्स खड़े कर दिए गए। पुराने सरकारी रिकॉर्ड में प्लॉट नंबर 114 को “एडवर्ड चिल्ड्रन पार्क” और प्लॉट नंबर 115 को पार्क की बाड़ी के रूप में दर्ज बताया गया है। आजादी से पहले यह क्षेत्र “अल्फ्रेड पार्क” के नाम से जाना जाता था, जबकि बाद में यहां राजा लालबहादुर सिंह की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी, जिसे बाद में डोंगरगढ़ स्थित “लाल निवास” में स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद जमीन धीरे-धीरे निजी हाथों में जाती चली गई। रिकॉर्ड बताते हैं कि यह भूमि पहले राजा बहादुर वीरेंद्र बहादुर सिंह के नाम दर्ज थी और वर्ष 1974 में उनकी अवयस्क नातिन स्मृति देवी सिंह के नाम दर्ज हो गई। जांच में सामने आया है कि करीब एक लाख वर्गफीट से अधिक जमीन को लगभग 22 हिस्सों में बांटकर 17 लोगों के नाम दर्ज कर दिया गया और बाद में कई हिस्सों की दोबारा बिक्री भी की गई।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button