एनसीएच में संडे ड्यूटी कटौती पर कर्मचारियों का विरोध, काम बंद कर जताया आक्रोश

नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में रविवार को संडे ड्यूटी को लेकर कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि संडे ड्यूटी में कटौती किए जाने से असमानता की स्थिति बन रही है। कर्मचारियों के अनुसार, यह एक केंद्रीय अस्पताल है, जहां गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, देलवाड़ीह और कोरबा से प्रतिदिन लगभग 300 ओपीडी मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सभी कर्मचारियों को समान रूप से संडे ड्यूटी मिलनी चाहिए। कर्मचारियों ने मांग की कि या तो सभी को संडे ड्यूटी दी जाए या किसी को भी न दी जाए, साथ ही कार्यालय अधीक्षक के खिलाफ जांच की मांग भी की गई। विरोध की सूचना पर गेवरा एरिया की कार्मिक प्रबंधक सुधा शिंदे अस्पताल पहुंचीं और कर्मचारियों को रोस्टर के अनुसार काम करने तथा कर्तव्यनिष्ठा से दायित्व निभाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि अन्य एरिया में भी संडे ड्यूटी नहीं दी जा रही है। इस दौरान प्रभारी सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, कार्यालय स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे। वहीं सीएमएस डॉ. विजयलक्ष्मी धान ने स्पष्ट किया कि उच्च प्रबंधन के निर्देश पर रविवार की ओपीडी सेवा बंद करने का निर्णय लिया गया है, हालांकि इनडोर वार्ड पहले की तरह संचालित रहेंगे। इसी कारण कुछ कार्यालयीन कर्मचारियों की संडे ड्यूटी नहीं लगाई गई, जबकि पहले सभी कर्मचारियों को इसका लाभ मिल रहा था।







