अंबिकापुर राजीव भवन में तीसरी बार चोरी, कानून व्यवस्था पर सवाल

अंबिकापुर स्थित घड़ी चौक के पास कांग्रेस जिला कार्यालय राजीव भवन को चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने देर रात कार्यालय में घुसकर बाथरूम और वाशरूम में लगे करीब 73 नल की टोटियां चोरी कर लीं और वाश बेसिन, फ्लश टैंक तथा पाइप लाइन को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे लगभग एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जाते समय कार्यालय के फर्श पर “I Love Ambikapur” लिखकर उत्पात भी मचाया। घटना की जानकारी सुबह कार्यालय खुलने पर हुई, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए, क्योंकि यह दो वर्षों में तीसरी चोरी की घटना है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







