Chhattisgarh

दो मासूमों को बचाने में गई युवक की जान, महानदी किनारे मिला शव

Share

अभनपुर के गोबरा नवापारा नगर स्थित नेहरू घाट में दो बच्चों की जान बचाने के दौरान महानदी में डूबे युवक प्रदीप कश्यप (35) का शव रविवार तड़के शनि मंदिर के पीछे नदी किनारे बरामद हुआ। इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप शनिवार दोपहर अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो बच्चे गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे, जिन्हें बचाने के लिए प्रदीप बिना देर किए नदी में कूद पड़े। उन्होंने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन स्वयं तेज धारा और गहरे पानी की चपेट में आकर लापता हो गए। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रोकना पड़ा। रविवार सुबह नए सर्च अभियान से पहले ही प्रदीप का शव नदी किनारे बहकर आ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और अपनी जान की परवाह किए बिना दो बच्चों की जान बचाने वाले प्रदीप कश्यप के साहस की नगरभर में सराहना की जा रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button