मुंबई इंडियंस की टीम का रायपुर में जोरदार स्वागत

रायपुर। आईपीएल 2026 के तहत 10 मई को होने वाले मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस की टीम आज रायपुर पहुंच गई है। टीम के रायपुर पहुंचते ही एयरपोर्ट पर क्रिकेट फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उत्साहित थे।
टीम के साथ कप्तान हार्दिक पांड्या और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा समेत सभी खिलाड़ी रायपुर पहुंचे। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जबरदस्त माहौल देखने को मिला, जहां फैंस ने जमकर नारेबाजी कर स्वागत किया।
गौरतलब है कि रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन के लिए अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है और यहां आईपीएल 2026 के दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच भिड़ंत होगी, जबकि 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। इस बार आरसीबी अपने घरेलू मुकाबले रायपुर में खेलेगी, जो पहली बार हो रहा है।
गौरतलब है कि मैच के टिकट आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं। टिकट की कीमत ₹2,500 से शुरू होकर ₹8,000 या उससे अधिक रखी गई है। 10 मई के मैच के टिकट तेजी से बिक रहे हैं, जबकि 13 मई के मुकाबले के लिए बुकिंग 4 मई से शुरू हो चुकी है।
इस आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में आने वाले मेधावी छात्रों को 10 मई का मैच मुफ्त में दिखाने का फैसला लिया है। स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों और अन्य आधुनिक सुविधाओं के साथ मैदान को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि मैच के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो।
मैच के लिए इस बार डिजिटल M-टिकट जारी किए जाएंगे, जिन्हें फिजिकल टिकट में बदलने की जरूरत नहीं होगी। दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए QR कोड का उपयोग करना होगा, जो मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही एक्टिव किया जाएगा। इससे पहले QR कोड एक्सेस नहीं किया जा सकेगा। आयोजकों के मुताबिक, यह नई व्यवस्था सुरक्षा को मजबूत करने और फर्जी एंट्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से लागू की गई है।
रायपुर में होने वाले इन मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और शहर पूरी तरह से क्रिकेट के रंग में रंग चुका है।






