सर्वर की तकनीकी त्रुटि हुई दूर, वंचित हितग्राहियों को प्राथमिकता से मिल रहा मार्च माह का खाद्यान्न

कोरबा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों में राशन वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ (मजबूत) करने के लिए सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और जरूरतमंदों को समय पर अनाज मिले। राशन वितरण में तेज़ी लाने और उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अब तीन महीने का राशन एक साथ देने की योजना पर काम किया जा रहा है। जिला खाद्य विभाग, कोरबा ने जिले की राशन दुकानों में खाद्यान्न वितरण की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि सभी 554 शासकीय उचित मूल्य दुकानों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन सामग्री का वितरण सुचारू रूप से जारी है।
तकनीकी बाधा का समाधान
उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 में एईपीडीएस सर्वर के स्थानांतरण और तकनीकी त्रुटियों के कारण वितरण कार्य लगभग 10 दिनों तक प्रभावित रहा था। विभाग ने अब इन तकनीकी खामियों को पूरी तरह ठीक कर लिया है। शासन के निर्देशानुसार, ई-पॉस मशीनों में आवश्यक तकनीकी सुधार कर उन हितग्राहियों को पुन: राशन वितरण शुरू कर दिया गया है, जो मार्च माह में अपना कोटा लेने से वंचित रह गए थे।
चना आपूर्ति और भविष्य का भंडारण
जिले में चने की आपूर्ति के संबंध में खाद्य अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन के गोदामों में चने की उपलब्धता के आधार पर दुकानों में भंडारण सुनिश्चित किया जा रहा है। अप्रैल माह में जिन 130 दुकानों में चने का स्टॉक शेष था, उसे नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से निरंतर पूरा किया जा रहा है।
नियमित निगरानी
जिला खाद्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि अब राशन कार्ड को आधार से लिंक करना अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि फर्जी लाभार्थियों को हटाया जा सके। चावल वितरण में गड़बड़ी की शिकायत आने पर तत्काल कार्यवाही किया। विभाग ने हितग्राहियों को आश्वस्त किया है कि चने का स्टॉक प्राप्त होते ही नियमित रूप से वितरण किया जा रहा है। वर्तमान में जिले में मई और जून 2026 के लिए चावल का भंडारण और वितरण कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर है।







