जनगणना के दौरान शिक्षक से मारपीट, एफआईआर

बिलासपुर। जनगणना के दौरान शिक्षक के साथ मारपीट की घटना हुई है। घटना बिल्हा ब्लॉक के ग्राम घोघरा में जनगणना की जानकारी लेने पहुंचे शिक्षक के साथ तीन बार मारपीट की गई। शिक्षक ने बिल्हा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षक नेतराम पैकरा की रिपोर्ट पर बिल्हा पुलिस ने आरोपी निर्मल सतनामी के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 221, 121 (1) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी निर्मल पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसको गिरफ्तार नहीं किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार बीते दिनों सुबह 10 बजे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेतराम पैकरा जनगणना ड्यूटी करने ग्राम घोघरा गया था। इसी दौरान मकान नंबर 141 में राम करेस चतुर्वेदी के घर के पास गांव का ही निर्मल सतनामी पहुंचा और शिक्षक के साथ तुम यहां क्या कर रहे हो कहते हुए मारपीट की। इस पर शिक्षक ने तहसीलदार द्वारा जारी आईडी कार्ड भी दिखाया। आरोपी ने पीड़ित को कहा कि ऐसे कई कार्ड बन जाते हैं। फिर से मारपीट की। पीड़ित शिक्षक पंचायत भवन पहुंचा। उसने सरपंच को घटना की जानकारी दी। सरपंच के सामने आरोपी ने पीड़ित शिक्षक की आईडी कार्ड,और शर्ट फाड़ दिया। वहां मौजूद अन्य लोगो ने बीच बचाव किया। यह सब होने के बाद पीड़ित दगौरी जाने निकला तब आरोपी ने उसका बहुत दूर तक पीछा किया । भयभीत शिक्षक ने घटना की जानकारी प्रशासनिक और शिक्षा अधिकारियों को दी।







