ChhattisgarhRegion

खदान क्षेत्र में ब्लास्टिंग से कुछ घरों की दीवारों में पड़ी दरारें, मुआवजे की मांग

Share

कांकेर। जिला के भानुप्रतापपुर विकासखंड़ के ग्राम कच्चे में गोदावरी पॉवर एंड इस्पात लिमिटेड (हीरा ग्रुप) द्वारा संचालित खदान क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना के अचानक हुए तेज ब्लास्टिंग से कुछ घरों की दीवारों में दरारें आ गईं, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला । फिलहाल स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आनन-फानन में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खदान प्रबंधन की लापरवाही के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई है। बिना सूचना ब्लास्टिंग करना सीधे तौर पर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन से और माइंस संचालक से मांग की है कि नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
ग्रामीणों के अनुसार खदान संचालक द्वारा निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए बिना किसी पूर्व सूचना के ब्लास्टिंग की गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आस-पास के कई मकानों में कंपन महसूस हुआ और दीवारों में दरारें उभर आईं। घटना के बाद ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से बिना किसी सूचना के खदान में ब्लास्टिंग का कार्य किया जा रहा है, लेकिन जब ब्लास्टिंग के कारण दीवारों में दरारें आने लगी तो एक ही दिन के अंदर सूचना देकर दूसरे स्थान पर स्थानांतरण कराया गया, यह खदान संचालक की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button