करेंसी टावर के लिफ्ट में फंसी एसीएस ऋचा शर्मा
रायपुर। वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह राज्य शासन की असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गईं। यह घटना सुबह 6:30 बजे की है, जब एसीएस ऋचा शर्मा 10 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लिफ्ट के भीतर न पर्याप्त रोशनी थी और न ही हवा की उचित व्यवस्था है। इससे अधिकारी को घबराहट होने लगी थी। स्थिति ख़राब होने पर वे रोने भी लगीं थी। बताया गया कि लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म सिस्टम और हेल्पलाइन नंबर जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी नहीं है। इसके कारण मदद पहुंचने में देरी हुई। लिफ्ट में फंसी अधिकारी ने अपने फ़ोन से किसी तरह से इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। उन्होंने उर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव को भी कॉल कर कॉम्प्लेक्स की व्यवस्थाओं, पावर बैकअप और सोलर पावर सिस्टम को लेकर जानकारी ली और सवाल उठाए। इसकी सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस भी मौके पर पहुंची। बड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया। उन्हें सामान्य होते थोड़ा समय लगा ।
गौरतलब है कि करेंसी टावर में लिफ्ट फंसने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार लोग लिफ्ट में फंस चुके हैं और कुछ मामलों में लोग बेहोशी जैसी स्थिति में भी पहुंच चुके हैं। इसके बावजूद प्रबंधन ने कोई ठोस सुधार नहीं किए। टावर की सातवीं मंजिल पर साइकस जिम संचालित है। जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग और प्रशासनिक अधिकारी आते हैं।
नियमानुसार बड़े कॉम्प्लेक्स में इमरजेंसी अलार्म, बैकअप पावर, लाइटिंग और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था अनिवार्य होती है। यहाँ 850 दुकान और ऑफिस स्पेस वाले कॉम्प्लेक्स में सिर्फ 4 लिफ्ट हैं।






