दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा वाहन से 65 किलो गांजा जब्त, तस्कर फरार

कांकेर। जिले के भारत माला परियोजना की नवनिर्मित सड़क के जरिए गांजा तस्करी के मंसूबों पर पानी फेरते हुए पुलिस ने 65 किलो अवैध गांजा जब्त किया है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 35 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ में गांजा खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर बीती रात को नरहरपुर और दुधावा पुलिस की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी की। इस दौरान एक क्रेटा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर तस्करों ने वाहन तेज रफ्तार में भगा दिया। तेज रफ्तार के कारण वाहन नरहरपुर थाना क्षेत्र के डब्बीपानी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की तलाशी लेने पर 3 बोरियों में भरा हुआ करीब 65 किलो अवैध गांजा बरामद किया। फिलहाल पुलिस फरार अवैध गांजा तस्करों की तलाश में जुटी हुई है, और मामले की जांच जारी है।







