पेपर लीक करने में भाजपा नेताओं की संलिप्तता: विकास उपाध्याय

रायपुर। 12वीं हिंदी पर्चा लीक मामले में कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा नेताओं पर पर्चा लीक करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यूपी, मध्यप्रदेश समेत कई भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक करने में भाजपा नेताओं की सांठ-गांठ है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि 12वीं बोर्ड हिंदी पर्चा लीक हुए एक माह हो चुके हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एफआईआर करवाई है। कमिश्नरेट लागू है, इसके बावजूद एक भी आरोपी नही पकड़ा गया है। ऐसा इसलिए है क्योंकि पेपर लीक में भाजपा के नेताओं का हाथ है।
स्वामी आत्मानंद स्कूल की फीस वृद्धि के मामले में पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय स्कूलों में ड्रेस समेत सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाती थीं, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद न शिक्षकों को भुगतान हो रहा है, न ही पर्याप्त बजट दिया जा रहा है।
अब नर्सरी और पीपी वन की कक्षाएं बंद की जा रही हैं, और फ्री एजुकेशन को खत्म किया जा रहा है, सरकार 150 विवेकानंद स्कूल खोलने की बात कर रही है, जबकि आत्मानंद स्कूल ही ठीक से संचालित नहीं कर पा रहे हैं। नई योजनाओं के जरिए केवल वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। .
प्राइवेट अस्पतालों द्वारा आयुष्मान योजना से इलाज नहीं किए जाने पर विकास उपाध्याय ने कहा कि प्राइवेट अस्पताल इसे व्यवसाय बना रहे हैं, यदि समय पर भुगतान नहीं होगा तो अस्पताल कर्ज लेकर नहीं चल पाएंगे और इसका असर आम जनता पर पड़ेगा।
सांसद संतोष पाण्डेय ने भगवान राम से पीएम गृहमंत्री और मुख्यमंत्री की तुलना पर कहा कि यदि नक्सलवाद खत्म हो चुका है, तो जनप्रतिनिधियों को Z+ सुरक्षा क्यों दी जा रही है. भाजपा नेता केवल प्रधानमंत्री की चाटुकारिता कर रहे हैं, और वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटका रहे हैं।







