अज्ञात वाहन की ठोकर से ट्रैक्टर पलटी दो की मौत

बालोद। पुरूर थाने क्षेत्र के जगतरा गांव स्थित नैकुरा पुलिया के पास एक अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना से गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात ग्राम डोकला थाना चारामा निवासी योगेश्वर साहू 32 और देवेंद्र पाड़े 30 ट्रैक्टर में झटका तार और पोल लेकर फागुनदहा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नैकुरा पुलिया के पास पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे चालक और साथ बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।







