18 नक्सली साथियों के साथ पापा राव ने किया आत्मसमर्पण

जगदलपुर। आखरी छोर के बचे कैडर नक्सली पापा राव ने बुधवार को अपने 18 साथियों क साथ आत्मसमर्पण कर दिया जिनमें 7 महिला नक्सली भी शामिल हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों ने एके 47, 303 राइफल, बीजीएल लॉन्चर सहित 12 हथियार, कारतूस और कैश भी सौंपे। पुलिस महानिदेशक अरुण गौतम ने संविधान की प्रतियां देकर उनका स्वागत किया।
आत्मसमर्पण कार्यक्रम शौर्य भवन स्थित पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर, लालबाग में आयोजित किया गया। दोपहर 1 बजे हुए इस कार्यक्रम में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि तथा टीम बीजापुर के सदस्य मौजूद रहे। आत्मसमर्पण करने वालों में डीकेएसजेडसी सदस्य पापा राव, डीवीसीएम प्रकाश मड़वी और डीवीसीएम अनिल ताती सहित अन्य सक्रिय कैडर शामिल हैं। सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण करते हुए कैडरों ने एके-47, एसएलआर, इंसास, 303 राइफल और बीजीएल लॉन्चर सहित कई हथियार भी सौंपे।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के फैसले का स्वागत किया और कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति के तहत उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी, ताकि वे नई जिंदगी की शुरुआत कर सकें।
आत्मसमर्पण करने से पूर्व हार्डकोर नक्सली लीडर पापाराव ने अपने बयान में कहा कि उनके साथ बड़े नक्सली नेताओं के साथ-साथ देवजी ने भी आत्मसमर्पण किया, जबकि पहले सभी ने मिलकर जनता के हक के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही थी। परिस्थितियां बदलने के कारण कई साथियों ने आत्मसमर्पण का रास्ता चुना, जिसका कारण उन्हें पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।







