अलायंस एयर फिर शुरू कर रहा जगदलपुर-रायपुर फ्लाइट, 31 मार्च से सेवा बहाल

रायपुर। बस्तर संभाग के लिए लंबे इंतजार के बाद एक राहत भरी खबर सामने आई है। अलायंस एयर ने जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर दोबारा फ्लाइट सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा 31 मार्च से समर शेड्यूल के तहत शुरू होगी, जिसमें हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर सेक्टर को शामिल किया गया है।
काफी समय से इस रूट पर विमान सेवा बंद थी, जिससे यात्रियों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि लगातार इस सेवा को फिर से शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब नई घोषणा के बाद बस्तर क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा इस सेक्टर में रायपुर-रीवा और रीवा-रायपुर के बीच भी कनेक्टिविटी दी जाएगी, जिससे मध्य भारत के अन्य शहरों तक सफर आसान होगा। जहां एक ओर नई सेवा शुरू हो रही है, वहीं दूसरी ओर अलायंस एयर ने जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली फ्लाइट को बंद कर दिया है। सोमवार को इस रूट पर आखिरी उड़ान संचालित की गई, जिसके बाद फिलहाल यह सेवा स्थगित कर दी गई है।
हैदराबाद से सुबह 7:50 बजे उड़ान
जगदलपुर में 9:10 बजे लैंडिंग
जगदलपुर से 9:35 बजे उड़ान भरकर
रायपुर में 10:30 बजे आगमन
वापसी में
रायपुर से दोपहर 2:25 बजे टेकऑफ
3:20 बजे जगदलपुर पहुंचना
3:45 बजे जगदलपुर से उड़ान
5:05 बजे हैदराबाद आगमन







