आईडीबीआई बैंक के धोखाधड़ी मामलों में पीड़ितों ने तालाबंदी कर पुलिस-प्रशासन को किया अलर्ट

धरसीवा में आईडीबीआई बैंक की धोखाधड़ी के शिकार खाताधारकों का सब्र टूट गया है। करीब डेढ़ माह से न्याय की मांग कर रहे पीड़ितों ने बैंक शाखा में तालाबंदी कर दी और बैंक के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने मिलकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है, और अब तक करीब 20 पीड़ित अपनी जमा पूंजी खोने की शिकायत लेकर सामने आ चुके हैं। पुलिस प्रशासन, विधायक, सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री, कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन देने के बावजूद संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ितों ने उग्र आंदोलन शुरू किया। पुलिस ने अब तक 3 मामलों में एफआईआर दर्ज कर बैंक कर्मियों राजा खूंटे और दुर्गेश शर्मा को गिरफ्तार किया और जेल भेजा, लेकिन पीड़ित तत्कालीन बैंक प्रबंधक समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और अपनी रकम की वापसी की मांग पर अड़े हैं। सोमवार से शुरू हुए आंदोलन के दौरान पीड़ितों ने बैंक में तालाबंदी की और विरोध रैली थाने तक निकाली। इस मामले में कांग्रेस ने भी पीड़ितों को समर्थन दिया और उनके प्रदर्शन में शामिल हुई। फिलहाल पीड़ित और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत जारी है।







