वंदे भारत एक्सप्रेस से 24 किलो गांजे के साथ 2 लड़कियां गिरफ्तार

रायपुर। वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजा तस्करी करती हुईं 2 लड़कियों को 24 किलो गांजे के साथ एनसीबी और आरपीएफ ने गिरफ्तार किया गया है। ये लड़कियां वंदे भारत एक्सप्रेस के एसी 2 कोच में गांजा तस्करी कर रही थीं। आरोपियों की पहचान नीलम राठौर और रीना वर्मा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनो युवतियां तिफरा बिलासपुर की निवासी हैं और विशाखापट्टनम से गांजा लेकर आ रही थीं। दोनों लड़कियों के पास से 24 किलो गांजा जब्त हुआ है। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई को एनसीबी और आरपीएफ ने साथ मिलकर अंजाम दिया है। लड़कियों ने गांजे को ट्रॉली बैग में छिपा रखा था, जिससे दूसरों को ये लगे कि लड़कियां अपने बैग में कपड़े या अन्य जरूरी सामान लेकर जा रही हैं लेकिन जब इनके बैग्स को खोला गया तो उसमें गांजे के अलावा कुछ नहीं था। इन गांजे से भरे बैग्स को देखकर पुलिस भी दंग रह गई।
देखने में ये लड़कियां बहुत कम उम्र की लग रही हैं और इनका पहनावा भी आम लड़कियों की तरह ही है लेकिन उनका दिमाग इस तरह आपराधिक गतिविधियों में लगा होगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। मीडिया के सामने ये लड़कियां मुंह छिपाते हुए नजर आईं।







