ChhattisgarhRegion

खाद्य लाइसेंस को आजीवन मान्यता देने के फैसले का कैट ने किया स्वागत

Share

राजनांदगांव। खाद्य लाइसेंस को आजीवन मान्यता देने के निर्णय का कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) जिला राजनांदगांव ने स्वागत किया है। संगठन ने इसे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी। कैट पदाधिकारियों ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एफएसएसएआई के प्रगतिशील सुधारों से व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिला है, खाद्य सुरक्षा मजबूत हुई है तथा लाखों व्यापारियों को महत्वपूर्ण राहत मिली है।
कैट पदाधिकारियों ने कहा कि अब तक खाद्य लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया में व्यापारियों को बार-बार कागजी कार्यवाही और विभागीय प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। आजीवन मान्यता मिलने से इन जटिलताओं से मुक्ति मिलेगी और व्यापारी अपने व्यवसाय पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
संगठन का मानना है कि इस निर्णय से व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिलेगा। छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए यह कदम विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा, जिससे उनके कामकाज में सरलता आएगी और अनावश्यक प्रशासनिक दबाव कम होगा।
कैट पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन का मार्गदर्शन कर रहे बी सी भारतीया, सुनील सिंघी, अमर परवानी एवं प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व की भी सराहना की। इनकी मांग पर सरकार ने उपरोक्त निर्णय लिया। कैट के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, संजय तेजवानी, भावेश अग्रवाल, अशोक पांडे, लक्ष्मण लोहिया, अमित खंडेलवाल, संजय लड्ढा, सागर चितलांगिया, सूरज बुद्धदेव, आलोक बिंदल एवं प्रतीक अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने इस निर्णय के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button