सदन में सवाल, मुख्यमंत्री ने बताया विज्ञापन नियमावली 2019 के तहत भुगतान

विधानसभा बजट सत्र के दौरान मंगलवार को सदन में नेशनल हेराल्ड, संडे नवजीवन और नवसृजन मैगज़ीन को प्रदेश में बीते वर्षों में दिए गए विज्ञापनों की जानकारी मांगी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि नेशनल हेराल्ड को वर्ष 2019-20 से 2023-24 तक कुल 4.24 करोड़ रुपए के विज्ञापन दिए गए, जबकि नवसृजन मैगज़ीन को इस अवधि में कोई भुगतान नहीं किया गया। संडे नवजीवन को इस दौरान 3.06 करोड़ रुपए का विज्ञापन मिला। उन्होंने बताया कि नेशनल हेराल्ड के प्रबंधकर्ता पवन बंसल हैं और इसके मुखिया कौन हैं, यह पूरा देश जानता है। सदन में भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला और अजय चंद्राकर ने पूछा कि यह विज्ञापन किस नीति के तहत दिए गए और क्या राजनीतिक दलों के मुखपत्र को सरकार पैसा दे सकती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि विज्ञापन विज्ञापन नियमावली 2019 के तहत, प्रति पृष्ठ 8 लाख रुपए के आधार पर दिए गए हैं और इस प्रक्रिया की पूरी जानकारी सदन के सामने रखी गई।







