ChhattisgarhRegion

भारी बारिश की चेतावनी के बाद मुंगेली में बंद रहे स्कूल-आंगनबाड़ी, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

Share

मुंगेली। मौसम विभाग की अगले 48 से 72 घंटों तक भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। जरूरत पडऩे पर स्कूल भवनों का उपयोग राहत शिविर के रूप में भी किया जाएगा और इसकी तैयारी रखने के निर्देश आंगनबाड़ी व स्कूल प्रबंधन को दिए है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी शनिवार को बंद रखा गया। हालांकि, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर भवन, अभिलेख और अन्य आवश्यक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि बारिश के कारण बाढ़ या अन्य आपात स्थिति उत्पन्न होती है, तो विद्यालय भवनों का उपयोग अस्थायी राहत शिविर के रूप में किया जा सकता है। इसके लिए सभी संस्थानों को आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने विशेष रूप से उन स्कूलों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, जहां भवनों में सीपेज या सिलन की समस्या है। ऐसे स्कूलों को भवनों की स्थिति की जानकारी तत्काल जिला शिक्षा कार्यालय को देने को कहा गया है।
भारतीय मौसम विभाग ने मुंगेली जिले के लिए अगले 48 से 72 घंटों के दौरान भारी से अत्यंत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। संभावित बाढ़, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 और 34 के तहत यह आदेश जारी किया है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button