बाल विवाह मुक्त नगरीय निकाय व पंचायतो को प्रमाण पत्र किया गया प्रदान

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के आतिथ्य में कल कोरबा नगर के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न क्षेत्रो में उत्कृष्ट कार्य करने वालो महिलाओं को सम्मानित एवं बाल विवाह मुक्त पंचायतो को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापती श्री नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री तरुण कुमार किरण, सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बसंत मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिससे महिलाओं को आगे बढऩे के नए अवसर मिल रहे हैं। पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व दोनों मजबूत हुए हैं। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएं ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। महिलाएं आज पहले से अधिक सशक्त और मजबूत हुई हैं तथा देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा राज्य में सरकार गठन के साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आय के अवसर मिल रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण जैसे कार्यों से भी ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं की आय बढ़ रही है।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक बनाकर ही इस कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया।
मुख्य अतिथि श्री लखन लाल देवांगन द्वारा बाल विवाह की कुप्रथा से पूर्णत: मुक्त हो चुके नगर पालिका परिषद दीपका, नगर पालिका परिषद कटघोरा एवं नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही जिले की बाल विवाह मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिलाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग के पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।







