एसबीआई के कैशियर की सबरी नदी में डूबने से हुई मौत

सुकमा। जिले के कोंटा ब्लॉक होली का त्योहार मनाने के बाद स्टेट बैंक आफ इंडिय़ा के तीन कर्मचारी सबरी नदी में नहाने गए, जहां गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आने से बैंक के कैशियर की डूबने से मौत हो गई। वहीं बैंक मैनेजर सहित दो अन्य कर्मचारियों को ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, कोंटा स्थित एसबीआई शाखा में पदस्थ कर्मचारी होली खेलने के बाद दोपहर में आसीरगुडा के पास सबरी नदी पहुंचे थे। नहाने के दौरान तीनों गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाए और अचानक तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। शोर सुनते ही नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और साहस का परिचय देते हुए दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए लोगों में बैंक मैनेजर भी शामिल हैं। हालांकि बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत साईनाथ गहरे पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी तलाश के बाद साईनाथ का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद बैंक कर्मचारियों में शोक की लहर है।आज गुरूवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।







