ChhattisgarhRegion

जिले के 93493 किसानों के खातों में 372 करोड़ की राशि अंतरित

Share

कांकेर। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत आज प्रदेश के 24 लाख 28 हजार किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ रुपए की कृषि आदान सहायता राशि एकमुश्त अंतरित की गई। इसके तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान बेचने वाले कांकेर जिले के 92 हजार 493 किसानों के खातों में आज 372 करोड़ 67 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज बिलासपुर के बिल्हा विकासखण्ड के ग्राम रहंगी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में दोपहर को रिमोट का बटन दबाकर प्रदेश भर के किसानों के खातों में योजनांतर्गत एक साथ राशि अंतरित की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों के लाभार्थी किसानों से वर्चुअल रूप से वार्तालाप भी किया। जिला स्तर पर उक्त समारोह का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र सिंगारभाट कांकेर के परिसर में किया गया।
मुख्य अतिथि के तौर पर कांकेर विधायक आशाराम श्री नेताम ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषकों की आय दुगनी करने की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के किसानपुत्र मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय किसान हित में लगातार चिंता और चिंतन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुखिया ने प्रत्येक अन्नदाताओं की मेहनत को उनका वास्तविक सम्मान और हक कृषक उन्नति योजना के जरिए दिया है। किसानों को धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, उतेरा फसलों के अलावा पशुपालन, मुर्गीपालन, बकरीपालन जैसे व्यवसाय अपनाने की जरूरत है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके और वे आर्थिक रूप से समृद्ध व आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर राज्य मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा तथा हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत ने भी किसानों को संबोधित करते हुए प्रदेश की संवेदनशील और किसान हितैषी सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत आज जिले के किसानों के खातों में अंतरित की गई राशि की बधाई देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
इस दौरान विधायक श्री नेताम एवं अन्य मंचस्थ अतिथियों के द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत अंतर राशि का प्रमाण पत्र ग्राम कोकपुर के किसान श्री प्रेमलाल जैन, बेवरती के पीलाराम नेताम, पोटगांव के मानेश कुल्हरिया सहित 10 किसानों को वितरित किया गया। साथ ही 15 किसानों को आदिवासी उप योजना अंतर्गत दलहनी फसलों को प्रोत्साहित करने मूंग बीज मिनी किट का वितरण किया गया। इनमें मोहपुर के किसान सर्वश्री कृष्णा भास्कर, मंशाराम सलाम, मन्नूराम वट्टी, गणेशराम पोया, जैनराम मण्डावी, बाड़ाटोला से भुनेश्वर कुंजाम, जयसिंह सलाम, आनंद भाइदास, सियाराम नेताम, दिनेश्वर कुंजाम, बनऊराम मण्डावी, रामसिंग मण्डावी, चैतराम मण्डावी, इंदलराम और ग्राम टूराखार से शिवराम कोमरा शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान बेचने वाले जिले के 92 हजार 493 किसानों के बैंक खातों में कुल 372 करोड़ 67 लाख 20 हजार रूपए की राशि आज मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा अंतरित की गई। इन किसानों के द्वारा वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष में 50 लाख 98 हजार 696 क्विंटल धान बेचा गया था, जिनकी अंतर राशि 70 बैंक शाखाओं में किसानों के बैंक खातों में एकमुश्त जमा हुई। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, जनपद पंचायत कांकेर की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा कावड़े, नागरिक श्री महेश जैन, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले सहित जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी, एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण और काफी संख्या में कृषक उपस्थित थे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button