ChhattisgarhRegion

चिंगरी तथा पीहर नाले का दूषित पानी खारून नदी में आने से रोकने नगर निगम ने अभी तक नहीं भेजा है प्रतिवेदन प्रस्ताव

Share

रायपुर। चिंगरी तथा पीहर नाले का दूषित पानी खारून नदी में आने जाने के कारण शहर के कुछ क्षेत्रों में पीलिया तथा अन्य बीमारियों से लोग ग्रसित हो गए थे। इसे रोकने हेतु किए गए उपाय की जानकारी विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक व पूर्व मंत्री राजेश मूणत नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरूण साव से मांगी। जिस पर मंत्री ने बताया कि नगर निगम रायपुर द्वारा रूपये 11 करोड़ की कार्य योजना तैयार की गयी थी, उक्त प्रस्ताव के लिए एक समिति का गठन भी किया गया लेकिन परीक्षण उपरांत प्रस्तुत प्रतिवेदन अभी तक नगर निगम रायपुर के द्वारा राज्य सरकार को नहीं भेजा गया है, प्रस्ताव आने के बाद राशि तत्काल जारी कर दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण साव ने बताया कि खारून नदी के पास 81.88 करोड़ रुपये व्यय कर 75 एम.एल.डी. क्षमता के घरेलू दूषित जल उपचार संयंत्र (एस.टी.पी.) का निर्माण किया गया है जो कि पूर्ण रूप से क्रियाशील है। चिंगरी नाला का दूषित जल नाले में बनाये गये पिकअप वियर से ओवर फ्लो होकर नदी में प्रवाहित हो जाता है। चिंगरी नाला का लाईनिंग तथा अप्रोच मार्ग नहीं होने से शिल्ट सफाई की समस्या, वियर की कम ऊंचाई तथा वृहद मात्रा में प्लास्टिक सॉलिड वेस्ट प्रवाहित होकर पिकअप वियर के मुहाने को बाधित करने से ओवर फ्लो की स्थिति निर्मित हो रही है। इस हेतु मुख्य अभियंता, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की अध्यक्षता में समिति का गठन कर प्रस्ताव का परीक्षण किया जा रहा है।
राजेश मूणत ने सवाल किया कि चिंगरी तथा पीहर नाले से आ रहे गंदे तथा दूषित पानी को नदी में जाने से रोकने के लिए नगर निगम रायपुर द्वारा रुपये 11 करोड़ की कार्य योजना नगरीय प्रशासन विकास विभाग को पिछले 1 वर्षो से भेजे जाने के बाद भी स्वीकृति हेतु लंबित है? यदि हां क्यों तथा स्वीकृति कब तक दी जावेगी? साव ने सदन को बताया कि चिंगरी तथा पीहर नाले से आ रहे गंदे तथा दूषित पानी को नदी में जाने से रोकने के लिए नगर निगम रायपुर द्वारा रूपये 11 करोड़ की कार्य योजना तैयार की गयी है। उक्त प्रस्ताव के परीक्षण हेतु मुख्य अभियंता, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा स्थल निरीक्षण उपरांत प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुक्रम में नगर पालिक निगम रायपुर से संशोधित प्रस्ताव प्राप्त होने के उपरांत आगामी कार्यवाही की जावेगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button