ChhattisgarhRegion

देखो अपना देश पुरस्कार वितरण समारोह और पर्यटन शिक्षा एक्सपो 21 को

Share

रायपुर। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय इंडियाटूरिज़्म, मुंबई द्वारा, रायपुर स्थित होटल प्रबंधन, खानपान प्रौद्योगिकी एवं अनुप्रयुक्त पोषण संस्थान के सहयोग से 21 फरवरी, 2026 को देखो अपना देश – पीपुल्स चॉइस एवं स्कूल प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह तथा पर्यटन शिक्षा एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-40, उपरवारा, नया रायपुर स्थित संस्थान परिसर में प्रात: 9:30 बजे से किया जाएगा।
समारोह में प्रात: 9:30 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक विजेता विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में करियर मार्गदर्शन सत्र, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा परिसर भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा। इसी दिन प्रात: 10 बजे से सायं 4 बजे तक मिनी पर्यटन शिक्षा एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो का उद्देश्य विद्यालयी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों के प्रति जागरूक करना है। छत्तीसगढ़ के आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक एक्सपो में भाग लेकर व्यावसायिक संभावनाओं, कौशल विकास के अवसरों तथा उभरते रोजगार विकल्पों की जानकारी प्रदान करेंगे। रायपुर एवं आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों के एक्सपो में शामिल होने की अपेक्षा है।
यह आयोजन पर्यटन मंत्रालय की प्रमुख पहल देखो अपना देश – पीपुल्स चॉइस एवं स्कूल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। वर्ष 2020 में आरंभ की गई देखो अपना देश पहल का उद्देश्य देश में घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना तथा नागरिकों, विशेषकर युवाओं, को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित कराना है। यह अभियान स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सशक्त करने की दिशा में कार्य कर रहा है, साथ ही सतत एवं उत्तरदायी पर्यटन को भी बढ़ावा देता है।
वर्ष 2024 में पर्यटन मंत्रालय ने देखो अपना देश – पीपुल्स चॉइस 2024 अभियान प्रारंभ किया, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 7 मार्च, 2024 को श्रीनगर में किया गया। यह अभियान दो चरणों में संचालित किया गया, जिसमें देशव्यापी जनमत संग्रह और देखो अपना देश स्कूल प्रतियोगिता शामिल थी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button