Madhya Pradesh
नरसिंहपुर में ट्रेन पकड़ते समय बाइक हादसा युवक की मौत, तेज रफ्तार का सीसीटीवी फुटेज में खुलासा

नरसिंहपुर के करेली में सोमवार सुबह एक युवक की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। घटना रांकई रोड पर सुबह करीब 9 बजे हुई, जब पिपरिया निवासी प्रवीन नौरिया ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। बाइक अनियंत्रित होकर फिसली और सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। इसी बीच पीछे से आ रही तीसरी बाइक ने भी गिरे हुए सवारों को टक्कर मार दी, जिससे हादसा और गंभीर हो गया। गंभीर चोटों के बावजूद प्रवीन को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार और असंतुलित बाइक साफ दिखाई दे रही है। करेली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







