Chhattisgarh

देश के अलग–अलग राज्यों में चोरी करने वाला शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास रायपुर में गिरफ्तार

Share

रायपुर पुलिस ने शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास (उर्फ गोलू) को गिरफ्तार किया है, जिस पर आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ज्वेलरी शॉप और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में करोड़ों रुपए की चोरी करने के गंभीर आरोप हैं। लोकेश हाल ही में बिलासपुर जेल से रिहा हुआ था और जेल से छूटने के अगले ही दिन रायपुर के सिविल लाइन और मौदहापारा थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो गया था। सिविल लाइन थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पंडरी स्थित कपड़े की दुकान से 2.75 लाख रुपए, पास की नोवा फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख रुपए और डिजाइनर सेनेटेशन/हार्डवेयर दुकान से 2.85 लाख रुपए नगद चोरी हुए, जिससे कुल चोरी की राशि लगभग 7 लाख रुपए बनी। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने हजारों CCTV फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की और मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में लोकेश ने रायपुर समेत अन्य राज्यों में दर्जनभर से अधिक चोरी की वारदातें स्वीकार कीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 79,500 रुपए नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू अब तक प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में दो दर्जन से अधिक बड़ी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और उससे अन्य वारदातों के बारे में विस्तृत पूछताछ जारी है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button