गौ रक्षक सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, भारी सामान जब्त

शहडोल जिले में गौ तस्करी और गौमांस को लेकर चल रहे विवादों के बीच धनपुरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जंगल के भीतर गौवंश की हत्या कर उसका मांस घर-घर और बिरयानी सेंटरों तक सप्लाई करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। नीलकंठ मंदिर के पीछे झाड़ियों में गौवंश की हत्या की सूचना गौ रक्षकों और हिंदू संगठनों द्वारा दिए जाने पर धनपुरी पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां दो आरोपी गौवंश को काटते हुए मिले और पुलिस को देखकर भागने लगे, जिनमें से एक को मौके पर पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद अंसार अंसारी के रूप में हुई, जबकि मुख्य आरोपी अज्जू उर्फ आयाज अंसारी को बाद में गिरफ्तार किया गया। जांच में तीसरे आरोपी रहीम खान का भी खुलासा हुआ, जो मांग के अनुसार गौमांस की सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार अज्जू और अंसार जंगल में गौवंश की हत्या करते थे और मांस रहीम खान को देते थे, जो उसे शहडोल जिले के आसपास सप्लाई करता था। पुलिस ने मौके से गौमांस, धारदार हथियार, रस्सी, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। घटना के बाद गौ प्रेमियों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है, वहीं गौवंश के पालक का रो-रोकर बुरा हाल है। एडिशनल एसपी अभिषेक दिवान ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







