ड्रोन निगरानी से बड़ी कार्रवाई, सिरगिट्टी में 10 नशेड़ी पकड़े गए

जिले में नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल करते हुए निगरानी शुरू की है। इसी कड़ी में बीती रात सिरगिट्टी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें चुचुहियापारा, तिफरा और सिरगिट्टी के नशे के अड्डों की पहचान कर दबिश दी गई। इस कार्रवाई में 10 नशेड़ियों को मौके से धर दबोचा गया और सार्वजनिक रूप से उन्हें उठक-बैठक कराकर चेतावनी दी गई। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई, जबकि कुछ संदिग्धों को समझाइश देकर छोड़ा गया। अतिरिक्त सतर्कता के साथ यह अभियान सीएसपी निमितेश सिंह और सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशाखोरी करने वालों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने इसे कानून-व्यवस्था मजबूत करने की अहम पहल बताया। अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और तकनीक के माध्यम से अपराधियों पर निगरानी रखी जाएगी।







