भाजपा का सहयोग केंद्र फिर सक्रिय, 3 से 6 फरवरी तक जनसमस्याओं का होगा समाधान

भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके क्षेत्रों की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश के सभी मंत्रियों को बारी-बारी से ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में बैठक कर समस्याएं सुनने और उनका निराकरण करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में वर्ष 2024 में सहयोग केंद्र की शुरुआत हुई, जहां मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर जनसमस्याएं सुनीं और कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया, लेकिन इसके बाद केंद्र बंद कर दिया गया, जिससे कार्यकर्ता लंबे समय तक इसके पुनः शुरू होने का इंतजार करते रहे। लगभग एक वर्ष बाद बीते साल अक्टूबर में इसे दोबारा शुरू किया गया, जो केवल दो सप्ताह ही संचालित हो सका और दीपावली को देखते हुए इसे बंद कर दिया गया। इस दौरान मंत्रियों के समक्ष एक हजार से अधिक समस्याएं और मांगें रखी गईं, जिनमें से करीब आधी समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। अब 3 फरवरी को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय के साथ सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे, 4 फरवरी को कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी के साथ समस्याएं सुनेंगे, 5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन के साथ उपस्थित रहेंगे, जबकि 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रंजना साहू के साथ सहयोग केंद्र में समस्याएं सुनेंगे।







