ChhattisgarhRegion

छत्तीसगढ़ के शिमला का पारा पहुंचा 2 डिग्री, जमीं ओस की बूंदें, दोपहर तक छाया रहा कोहरा

Share


अंबिकापुर. सरगुजा संभाग में शीतलहर का प्रकोप जारी है। शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। शुक्रवार को सरगुजा जिले के मैनपाट व बलरामपुर जिले के सामरी पाट का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया है। मैनपाट समेत अन्य पाट क्षेत्रों में शुक्रवार की सुबह ओस की बूंदे जमीं दिखीं। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा, जबकि अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मौसम में नमी और तापमान गिरने के कारण सरगुजा संभाग में दोपहर 12 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 100 से 200 मीटर रहने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
मौसम वैज्ञानिक एसके मंडल ने बताया कि उत्तर दिशा से शुष्क हवाओं के आने का क्रम जारी है। इस वजह से पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर है और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है।
आने वाले दिनों में सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है। एसके मंडल ने बताया कि उत्तरी छत्तीसगढ़ के अंतिम क्षेत्र बलरामपुर जिले के रामानुजगंज व वाड्रफनगर क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी है। बलरामपुर जिले में घना कोहरा अधिक रहेगा। शुक्रवार को भी बलरामपुर जिले में घने कोहरे का असर ज्यादा रहा।
छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले सरगुजा जिले के मैनपाट व बलरामपुर जिले के सामरीपाट में हर वर्ष अधिक ठंड पड़ती है। शुक्रवार को मैनपाट का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया है। यहां पुआल की ढेर, सब्जियों के पौधे व घास-फूस पर ओस की बूंदे जमी हुई दिखीं। इसके अलावा अन्य पाट क्षेत्रों में ओस की बूंदे जमने की सूचना है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button