सत्य साई संजीवनी अस्पताल ने रचा इतिहास, एक दिन में 1758 बच्चों का हृदय उपचार

रायपुर स्थित सत्य साई संजीवनी अस्पताल ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है। अस्पताल ने एक ही दिन में सर्वाधिक शिशु हृदय मरीजों की उपस्थिति दर्ज कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक स्वप्निल ने सत्य साई सौभाग्यम् में आयोजित समारोह में इसकी औपचारिक घोषणा की। इससे पहले का रिकॉर्ड 1020 मरीजों का था, जिसे अस्पताल ने 1758 मरीजों की उपस्थिति से तोड़ दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में पूरे भारत से, यहां तक कि पूर्वोत्तर के नागालैंड और मणिपुर जैसे राज्यों से भी शिशु हृदय रोगी शामिल हुए। सभी मरीजों ने हरे, केसरिया और सफेद रंग की टी-शर्ट पहनकर तिरंगे के आकार में व्यवस्थित होकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि अस्पताल ने इन सभी 1758 मरीजों का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया। समारोह में पद्मभूषण क्रिकेटर सुनील गावस्कर और सत्य साई स्वास्थ्य एवं शिक्षा ट्रस्ट के न्यासी विवेक गौर जैसे गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. सी. श्रीनिवास ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ राज्य और अपनी चिकित्सा टीमों को समर्पित करते हुए इसे भगवान सत्य साई बाबा के 100वें जन्म वर्ष को अर्पित बताया। उन्होंने कहा कि 13 वर्षों की निःस्वार्थ सेवा के माध्यम से अस्पताल ने छत्तीसगढ़ को वैश्विक पहचान दिलाई है और रायपुर अब देश भर के बाल हृदय रोगियों का प्रमुख गंतव्य बन गया है। यह उपलब्धि 28 से 30 अक्टूबर 2025 तक आयोजित मेगा पीडियाट्रिक कार्डियक कैंप का परिणाम है, जिसमें सभी मरीजों का पंजीकरण, जांच, 2D इको और रिपोर्ट वितरण किया गया। इस आयोजन ने न केवल चिकित्सा क्षेत्र में बल्कि मानवता और राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में भी नई मिसाल कायम की है।







