साय कैबिनेट की बैठक 10 अक्टूबर को, धान खरीदी और राज्योत्सव पर हो सकते हैं अहम फैसले

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025 को सुबह 11:30 बजे मंत्रालय (महानदी भवन), अटल नगर, नवा रायपुर में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में इस वर्ष धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से करने पर निर्णय लिया जा सकता है। साथ ही राज्योत्सव की तैयारियों और NHM कर्मचारियों से जुड़ी मांगों पर भी चर्चा संभावित है।
गौरतलब है कि पिछली कैबिनेट बैठक 30 सितंबर को हुई थी, जिसमें दिव्यांगजनों के हित में कई अहम फैसले लिए गए थे। मंत्रिपरिषद ने राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) की करीब 24.5 करोड़ रुपये की बकाया ऋण राशि एकमुश्त लौटाने और 100 स्पेशल एजुकेटर पदों पर सीधी भर्ती की अनुमति दी थी। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग के भर्ती नियमों में एक बार की छूट देकर चयन परीक्षा के स्थान पर मेरिट आधारित चयन को मंजूरी दी गई थी।
अब नजरें शुक्रवार की कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं, जिसमें किसानों और कर्मचारियों से जुड़ी योजनाओं को लेकर कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
