न्यूड पार्टी पर राजनैतिक दलों में मची रार, आरोप प्रत्यारोप

रायपुर। इंस्टाग्राम पर राजधानी में न्यूड पार्टी को लेकर पोस्ट वायरल होने के बाद अब राजनीति शुरू हो चुकी है। दोनों दल आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। मंत्री श्याम बिहार जायसवाल ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी इस बात को समझ नहीं पा रही है कि यह ऋषि, मुनियों और संतों का देश रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नहीं होना चाहिए। ऐसा किसी को भी करने की सोचना भी नहीं चाहिए। कांग्रेस हर चीज में राजनीति करती है। इस मामले में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें ऐसे आयोजनों को रोकने का प्रयास करना चाहिए। गौरतलब है कि न्यूड पार्टी इवेंट के इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद कांग्रेस आक्रामक हो गई। रायपुर के न्यूड इवेंट को कांग्रेस ने दुर्भाग्यजनक बताया। कांग्रेस का कहना है कि शहर में नग्न पार्टी की अनुमति भाजपा सरकार की नग्नता को प्रदर्शित कर रही है।
