
उत्तराखंड। बारिश के बढ़ते हुए प्रकोप का असर केदारनाथ यात्रा पर भी दिखाई दिया है। दरअसल बढ़ते बारिश के कहर और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोका गया है।
बारिश की वजह से केदारनाथ यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्री सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए हैं। रुद्रप्रयाग और चमोली जिले के लिए आज मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में इन दिनों भीषण बारिश हो रही है। इसकी वजह से भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। बीते दिनों सोनप्रयाग में भारी बारिश की वजह से भूस्खलन हुआ था, जिसमें केदारनाथ से लौट रहे 40 से अधिक श्रद्धालु फंस गए थे। हालांकि बाद में सोनप्रयाग भूस्खलन क्षेत्र के पास फंसे 40 श्रद्धालुओं को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया था।
उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश से कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति भी बाधित हुई है। कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही है। बीते दिनों बरकोट के पास बादल भी फटा था।
