चरित्र पर संदेह, मृतका का प्रेमी ही निकला हत्यारा

जशपुर। जिले में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने आरोपी को रांची से गिरफ्तार किया है। आरोपी मृतका का प्रेमी ही निकला है। उसने चरित्र शंका पर महिला और उनके दो बच्चों की गला घोंटकर हत्या की थी। इसके बाद शवों को नदी किनारे दफना दिया था। आरोपी दक्षिण भारत की ओर जाने की फिराक में था। मामला तपकरा थाना क्षेत्र के साजबहार का है।
पुलिस को 23 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशे में साजबहार की एक महिला और दो बच्चों को मारने की बात कर रहा था। इस पर पुलिस की टीम साजबहार (उतियाल नदी) पहुंची । भारी मशक्कत के बाद उन्हें वहां से शव मिले। कुछ दूर जंगल में एक महिला का शव भी मिला। जिसकी शिनाख्त परिजनों और साजबहार के ग्रामीणों ने की.।
जांच के दौरान पता चला कि मृतका सुभद्रा ठाकुर का गांव के ही प्रमोद गिद्धी से संबंध है। इसके बाद पुलिस की टीम उसकी खोजबीन में जुट गई। आरोपी के दोस्तों, रिश्तेदारों से पूछताछ की गई। जहाँ से उन्हें रांची में काम करने की जानकारी मिली। इसको देखते हुए एक टीम रांची भेजी गई थी।
टेक्निकल टीम से सूचना मिली कि आरोपी युवक रांची में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रमोद गिद्धी को धर दबोचा। आरोपी ने आत्महत्या करने के इरादे से 8 घंटा पहले जहर का सेवन कर लिया है। पुलिस ने तत्काल उसे जशपुर अस्पताल में एडमिट कराया. आरोपी के इलाज होने के बाद अब हालत स्थिर है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि तिहरे हत्याकांड के आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए बहुत बड़ी चुनौती थी। 5 अलग-अलग पुलिस की टीम बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। पुलिस टीम को नगद ईनाम से पुरस्कृत किया गया है।
