ChhattisgarhCrime

किराए के मकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, देर रात पिता को फोन कर रोया था

Share

कोरबा। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित टीपी नगर के पास किराए के कमरे में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरपाली निवासी 24 वर्षीय रोहन उर्फ अमन श्रीवास के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार रोहन उर्फ अमन टीपी नगर के पास किराए के कमरे में अकेले रहता था और एक सैलून में काम करता था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात 9 बजे रोहन की अपने पिता से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद देर रात ढाई बजे उसने दोबारा पिता को फोन किया। बातचीत के दौरान वह रो रहा था। कुछ देर बाद उसने फोन काट दिया। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने कई बार उसे फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर परिजन तुरंत उसके कमरे पर पहुंचे, जहां रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button