नई शिक्षा नीति से असहज कांग्रेस की भूख हड़ताल की राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण – तिवारी

जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, बस्तर के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने कहा कि आज पूरा बस्तर प्रभु श्रीजगन्नाथ के पावन बाहुड़ा गोंचा महापर्व की भक्ति में सराबोर है। चारों ओर श्रद्धा, सेवा और उत्साह का वातावरण है। भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होकर दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन अवसर पर, जब समाज धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव में सहभागी बन रहा है, तब कांग्रेस द्वारा भूख हड़ताल आयोजित कर विरोध का माहौल बनाने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा का मानना है कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, देश के गौरवशाली इतिहास और भारतीय मूल्यों को शिक्षा व्यवस्था में अधिक महत्व दिया जा रहा है, जिससे कांग्रेस असहज दिखाई देती है।
उन्हाेने कहा कि कांग्रेस जिस विषय को लेकर आंदोलन कर रही है, वह नीट परीक्षा से संबंधित है। इस मामले में पुनः परीक्षा भी आयोजित की जा चुकी है, तथा अनेक विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर अपने आगे के शैक्षणिक जीवन की ओर कदम बढ़ा दिए हैं, जिसमें बस्तर अंचल के भी कई लोग है। ऐसे में कांग्रेस को छात्रों के भविष्य को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय सकारात्मक सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित प्रतीत होती है। उनका कहना है कि पूर्व में भी विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े विवाद सामने आए, लेकिन उस प्रकार की मांग नहीं उठाई गई।अभिषेक तिवारी ने कहा कि बस्तर की जनता धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने सभी नागरिकों से बाहुड़ा गोंचा महापर्व में सहभागी बनने, प्रभु श्रीजगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा समाज में सद्भाव और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की अपील की।






